नई दिल्ली। देशभर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। मौसम विभाग ने मुंबई और उससे सटे रायगढ़ जिले के लिए भारी वर्षा का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा केरल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों में भी मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में रविवार को हुई बारिश से उमस से राहत मिली है, लेकिन विभाग ने सोमवार के लिए यहां भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में भारी बारिश से थमी रफ्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने कहर बरपाया है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई इलाकों में 200 से 300 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का संचालन एक घंटे तक रोकना पड़ा, जिससे इंडिगो की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं और 13 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। जलभराव के कारण सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया और मरीन ड्राइव के पास ऊंची लहरें उठती नजर आईं।
हादसों में गई कई जानें
बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में कई दुखद घटनाएं हुई हैं:
-
कुर्ला में दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई।
-
गोरेगांव ईस्ट में बाइक पर पेड़ गिरने से एक 18 वर्षीय किशोर की जान चली गई।
-
साकीनाका इलाके में 55 वर्षीय अस्लम इसाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
-
नवी मुंबई में बालकनी का स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।
-
भिवंडी में 17 वर्षीय किशोर कामवारी नदी में डूब गया, जिसका शव तलाशने का कार्य जारी है।
ओडिशा में चक्रवाती दबाव का खतरा
ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब और तीव्र होकर ‘गहरे कम दबाव’ में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटों में तट पार करने की संभावना है, जिससे पूरे पूर्वी भारत में भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। संबलपुर, अंगुल, बौध, सोनपुर और कंधमाल में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। मछुआरों को 7 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Pls read:Delhi: तीस्ता नदी प्रबंधन और बांग्लादेश में चीनी दखल पर भारत की पैनी नजर