Iran: इजरायल पर मिसाइल हमलों के बाद ईरान ने बंद किया अपना पश्चिमी हवाई क्षेत्र

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। लेबनान पर हुए हालिया हमलों के जवाब में ईरान ने इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागी हैं, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस सैन्य कार्रवाई के तुरंत बाद ईरान ने एहतियात के तौर पर अपने देश के पश्चिमी हिस्से के हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) को पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। यह कदम संभावित जवाबी कार्रवाई और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए उठाया गया है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के माध्यम से इस फैसले की पुष्टि की गई है। नेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन के प्रवक्ता माजिद अखवन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा और बचाव संबंधी मौजूदा आकलन को देखते हुए देश के पश्चिमी हवाई क्षेत्र को अगली सूचना तक बंद घोषित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और नागरिक उड्डयन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।

ईरान की इस कार्रवाई का असर पड़ोसी देशों पर भी व्यापक रूप से देखा जा रहा है। इराकी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने भी एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि देश का हवाई क्षेत्र अगले 72 घंटों तक पूरी तरह बंद रहेगा। इसी तरह सीरिया ने भी अपने दक्षिणी हवाई क्षेत्र को 12 घंटों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और दमिश्क हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों के परिचालन पर रोक लगा दी है। गौर करने वाली बात यह है कि 8 अप्रैल को हुए संघर्ष-विराम के बाद यह पहला मौका है जब ईरान ने इजरायल पर सीधे मिसाइल हमला किया है, जिससे पुरानी शांति समझौतों के टूटने का खतरा पैदा हो गया है।

हमले के दौरान इजरायल के भीतर भी भारी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों का पता चलते ही देश के कई इलाकों में चेतावनी के सायरन बजाए गए। आईडीएफ ने बताया कि मिसाइलों की पहचान कर उन्हें रोकने के लिए इजरायल के आधुनिक डिफेंस सिस्टम सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। खतरे की गंभीरता को देखते हुए होम फ्रंट कमांड ने आम जनता के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

विदेशी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हालांकि यह हमला काफी बड़ा था, लेकिन अब तक इसमें किसी के हताहत होने या किसी बड़े बुनियादी ढांचे के नुकसान की आधिकारिक खबर सामने नहीं आई है। इजरायली वायु सेना के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उनके रक्षा तंत्र ने आसमान में ही खतरे को निष्क्रिय करने का प्रयास किया। वर्तमान स्थिति को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है। हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदल दिए गए हैं, जिससे वैश्विक विमानन सेवाओं पर भी गहरा असर पड़ रहा है। आने वाले समय में यह तनाव और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

Pls read:Iran: पश्चिम एशिया में मिसाइल हमलों से बढ़ा तनाव ईरान में फंसे भारतीयों के लिए बड़ी एडवाइजरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *