नैनीताल के काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें आगामी यात्रा सीजन, विकास कार्यों की प्रगति और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न मुद्दों पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि आने वाले यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
बैठक के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और अब तक कई अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने
लिए अभियान को और तेज किया जाए।
इसके अलावा बैठक में वनाग्नि की घटनाओं को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जाए और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड को एक सुरक्षित, व्यवस्थित और विकासशील राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।