Uttarpradesh: यूपी पीसीएस 2024 परीक्षा के परिणाम घोषित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (यूपी पीसीएस)-2024 के अंतिम परिणाम जारी कर दिए हैं। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 932 अभ्यर्थियों को सफलता प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सफल प्रतियोगियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है और जल्द ही कार्यस्थल पर उनकी तैनाती को लेकर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए सफल अभ्यर्थियों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने लिखा कि यह सफलता अभ्यर्थियों के अथक परिश्रम, अटूट लगन और दृढ़ अनुशासन का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये नवनियुक्त अधिकारी अपनी प्रतिभा और निष्ठा के साथ ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों को जनसेवा को अपने आचरण का आधार बनाने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भी सराहना की।

इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में नारी शक्ति का दबदबा देखने को मिला है। कुल 932 सफल अभ्यर्थियों में से 613 पुरुष और 319 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा परिणाम में 34 प्रतिशत महिलाओं की यह भागीदारी प्रदेश में नारी शक्ति के संतुलित और मजबूत प्रतिनिधित्व का स्पष्ट संकेत है। सफल अभ्यर्थियों में रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी ने अपने पहले ही प्रयास में दूसरा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। वहीं, परीक्षा की टॉपर नेहा पांचाल ने भी बिना किसी कोचिंग के सफलता प्राप्त कर अन्य युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है।

सामाजिक भागीदारी के दृष्टिकोण से भी यह परिणाम काफी व्यापक रहा है। सफल अभ्यर्थियों में सामान्य वर्ग के 357, ओबीसी वर्ग के 270, अनुसूचित जाति के 186 और अनुसूचित जनजाति के 22 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। मेरिट सूची के टॉप 20 अभ्यर्थियों में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें सामान्य वर्ग के 11 और ओबीसी वर्ग के 8 अभ्यर्थियों ने अपनी जगह बनाई है। उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जनपदों से अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता की वजह से ‘योगी का यूपी मॉडल’ आज युवाओं के बीच पहली पसंद बना हुआ है। नवनियुक्त अधिकारी अब जल्द ही विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं देकर प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

 

Pls read:Uttarpradesh: इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर में नरेंद्र मोदी ने रखा विकास का नया विजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *