नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मदद से उत्तराखंड में प्रगति के नए द्वार खुल रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री को टिहरी की मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, राज्य के विभिन्न जिलों से लाए गए पांच प्रकार के राजमा और शहद भेंट किया।
बैठक में पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए मिली 500 करोड़ रुपये की सहायता और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं के संचालन में सहयोग हेतु विशेष धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने ऋषिकेश में बिजली की लाइनों को भूमिगत करने, देहरादून रिंग रोड और मसूरी रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं की मंजूरी के लिए भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) का विस्तार मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि इससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रक्षा क्षेत्र पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में ‘डिफेंस इक्विपमेंट प्रोडक्शन इंडस्ट्रियल हब’ स्थापित करने में केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने और दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा, जिससे जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो सके। रेल नेटवर्क को लेकर उन्होंने ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को वैश्विक ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए नई नीति तैयार की जा रही है और चौपता, दुग्गलबिट्ठा जैसे क्षेत्रों को विकसित किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (एसईजी) के लिए बेल केदार और लोहाघाट जैसे क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है।
सामाजिक सुधारों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पूर्व अग्निवीरों को राज्य सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण देने हेतु ‘अग्निवीर आरक्षण नियमावली-2025’ लागू की गई है। इसके अलावा, राज्य में 500 से अधिक अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त कर प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने राज्य की इन पहलों की सराहना की और विकास कार्यों में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार के शिलान्यास का भी अनुरोध किया।
Pls read:Uttarakhand: चारधाम यात्रा के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब नौ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण