देहरादून। साइबर ठगों ने महिला सहित तीन व्यक्तियों के बैंक खाते से दो लाख 90 हजार रुपये उड़ा दिए। एक मामले में ठग ने खुद फूफा बताया। तीनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले मामले में ममता बिष्ट निवासी फ्रेंड्स कालोनी ने पुलिस को तहरीर दी। 18 अक्टूबर को ममता के मोबाइल पर एक काल आई। जिसे उनके बेटे ने उठाया। काल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह उनका फूफा है।
बेटे ने फोन अपनी मां को दे दिया। व्यक्ति ने कहा कि यह नया मोबाइल नंबर है। वह उनके बैंक खाते में कुछ धनराशि डालना चाहता है। यह धनराशि कुछ देर बाद वापस मेरे खाते में डाल देना। इसके बाद व्यक्ति ने धनराशि भेजने संबंधित एक मैसेज भेजा और कहा कि खाते में धनराशि डाल दी है।
महिला ने फोन पे से व्यक्ति के खाते में रुपये डालने की कोशिश की, लेकिन रकम ट्रांसफर नहीं हो पाई। इस पर व्यक्ति ने कहा कि फोन पे काम नहीं कर रहा है, ऐसे में व्यक्ति ने महिला के एटीएम नंबर व अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। कुछ देर बाद महिला के खाते से एक लाख 45 हजार रुपये की निकासी हो गई। पड़ताल करने के बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।