चेन्नई: तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने आगामी विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चेन्नई में AIADMK नेता एडप्पादी पलानीस्वामी और तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गठबंधन की घोषणा की। शाह ने कहा कि AIADMK, भाजपा और अन्य सहयोगी दल मिलकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे।
शाह का दावा: NDA की होगी जीत
अमित शाह ने विश्वास जताया कि NDA भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा और तमिलनाडु में फिर से NDA की सरकार बनेगी। उन्होंने DMK सरकार पर NEET और परिसीमन जैसे मुद्दों पर ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। शाह ने याद दिलाया कि AIADMK 1998 से ही NDA का हिस्सा रही है और प्रधानमंत्री मोदी और जयललिता ने साथ मिलकर राष्ट्रीय राजनीति में काम किया है।
चुनाव प्रचार का नेतृत्व
शाह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव प्रचार का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी करेंगे जबकि राज्य स्तर पर AIADMK नेता पलानीस्वामी करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा AIADMK के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करेगी और यह गठबंधन दोनों दलों के लिए फायदेमंद होगा। शाह ने कहा कि AIADMK की तरफ से कोई शर्त या मांग नहीं रखी गई है।
AIADMK का पिछला प्रदर्शन
2016 में जयललिता के निधन के बाद AIADMK ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। 2021 के विधानसभा चुनावों में भी दोनों दल साथ थे और भाजपा ने चार सीटें जीती थीं। हालाँकि, 2023 में AIADMK ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था। पिछले दो चुनावों (लोकसभा और विधानसभा) में AIADMK का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।
Pls read:Delhi: मुंबई हमलों का साजिशकर्ता तहव्वुर राणा जल्द भारत आ सकता है