लुधियाना: आम आदमी पार्टी (आप) विधायक गुरप्रीत गोगी के आकस्मिक निधन से पंजाब की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार देर रात गोली लगने से उनकी मौत हो गई। कई राजनीतिक नेता उनके लुधियाना स्थित आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री मान ने जताया दुख:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गोगी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक अच्छा इंसान बताया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
केजरीवाल ने कहा, मुश्किल है इस क्षति की भरपाई:
‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी गोगी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि गोगी एक ऐसे नेता थे जिन्होंने लोगों की सेवा की। उनके निधन से जो खालीपन आया है उसकी भरपाई करना मुश्किल है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अन्य नेताओं ने भी जताया शोक:
पंजाब ‘आप’ अध्यक्ष अमन अरोड़ा, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां सहित कई अन्य नेताओं ने गोगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
आज होगा अंतिम संस्कार:
गोगी का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके आवास पर सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है।