उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी उषा से मुलाक़ात कर इस आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने डॉ. उषा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड को यह जिम्मेदारी मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने डॉ. उषा को श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ के दर्शन के लिए भी आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य राष्ट्रीय खेलों के लिए पूरी तरह से तैयार है और ज़रूरी बुनियादी ढांचा पहले से ही बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में यह आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा और पिछले राष्ट्रीय खेलों के अनुभवों के आधार पर और बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अब तक हुए राष्ट्रीय खेलों से बेहतर होगा। खिलाड़ियों और देश भर से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल के आयोजन से यहां के लोगों का मनोबल और प्रोत्साहन बढ़ेगा। यह आयोजन उत्तराखंड को एक अच्छा मंच देगा और उदीयमान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिलेगा।
विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा एवं स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा भी इस मौके पर उपस्थित थे।
25 अक्टूबर 2024 को भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा की बैठक में इस आयोजन का पूरा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। राष्ट्रीय खेलों के साथ ही विंटर नेशनल गेम का आयोजन भी उत्तराखण्ड में किया जायेगा।