
हल्द्वानी: उत्तर प्रदेश के बहराइच और आसपास के क्षेत्रों में भेड़ियों के आतंक के बाद, अब उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में एक सियार ने दस लोगों पर हमला कर दिया। गुरुवार रात हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आधे घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सियार को ढेर कर दिया। घायल लोगों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सियार पागल हो गया था
ग्रामीणों की मानें तो सियार पागल हो गया था। गौलापार स्थित खेड़ा ग्राम पंचायत के पूर्व बीडीसी मेंबर अर्जुन बिष्ट ने बताया कि गुरुवार रात नौ बजे वह रामलीला मंचन देखने गए थे। इस दौरान सूचना मिली कि गोविंदग्राम और पश्चिमी खेड़ा गांव में सियार ने आतंक मचा दिया है।
दस लोगों पर हमला, ग्रामीणों में भय का माहौल

दोनों जगहों पर पहुंचने पर पता चला कि रामदयाल, नारायण देऊपा, चंपा देवी, मुन्नी देवी और प्रकाश आर्य समेत दस लोगों पर सियार ने हमला किया था। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया। मामले की सूचना रेंजर छकाता प्रदीप पंत को दी गई।
वन विभाग ने किया सर्च ऑपरेशन, सियार को ढेर किया
दस लोगों के घायल होने की वजह से गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। रात साढ़े नौ बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। अंधेरे के कारण खेतों व जंगल किनारे सियार को तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण भी घरों से टार्च लेकर जुट गए। करीब आधे घंटे बाद सियार को ढेर कर दिया गया।
गौलापार क्षेत्र में हाथी, गुलदार और अब सियार का आतंक
गौलापार ग्रामीण क्षेत्र में हाथी और गुलदार के बाद अब सियार की दहशत फैल गई है। सूखी नदी के पार जंगल लगता है। धान और मक्का के सीजन में यहां हाथियों का आतंक रहता है। मजबूरी में ग्रामीणों को रात में खेतों में पहरा देना पड़ता है।
Pls read:Uttarakhand: नवरात्रि के पहले दिन भारत की भूमि से शुरू हुए कैलाश पर्वत के पवित्र दर्शन