नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र में बने गहरे दबाव क्षेत्र के पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना जताई है। इस वजह से 16 सितंबर को झारखंड, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार में भारी बारिश का अनुमान है।
इन राज्यों में 11 से 20 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है और 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। 6 सितंबर को दक्षिणी बिहार, झारखंड, उत्तर-पश्चिम ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है।
17 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम व पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है। 18 सितंबर को पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने बताया कि 18 सितंबर से तेज हवाओं का दौर थम जाएगा।
दिल्ली में 15 सितंबर को सबसे अधिक मयूर विहार में 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। 16 और 17 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। 18 और 19 सितंबर को हल्की बारिश की संभावना है। 20 और 21 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा।
IMD के अनुसार, गहरा दबाव क्षेत्र 16 सितंबर को सुबह 5:30 बजे बांकुरा (पश्चिम बंगाल) से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण, जमशेदपुर (झारखंड) से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्व और रांची (झारखंड) से 180 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। अगले 12 घंटों के दौरान यह पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र से होते हुए कमजोर होकर दबाव क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके बाद यह अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए आगे बढ़ना जारी रखेगा।
pls read:WB: बांग्लादेश के निर्यात बैन, बंगाल में मछली के दाम आसमान छू रहे