हल्द्वानी : उत्तराखंड में तेजी से सियासी घटनाक्रम बदल रहा है। 2017 में विधानसभा चुनाव में भाजपा में शामिल होने वाले कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व विधायक संजीव आर्य आज कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। राज्य के सियासी गलियारों में इसकी तेजी से चर्चा है।
समाज कल्याण मंत्री व बाजपुर से विधायक यशपाल आर्य व उने बेटे संजीव आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से विधायक है। दोनों ने 2017 में कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा था। तब भाजपा ने दोनों को प्रत्याशी भी बनाया था। दोनों ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद भाजपा सरकार ने यशपाल आर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया। अब 2022 के विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए राज्य में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। इसी बीच चर्चा है कि यशपाल आर्य व उनके बेटे संजीव आर्य कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि यह कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। सूत्र बताते हैं, आज दोनों नेता दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होकर घर वापसी कर सकते हैं। इस तरह की सूचना से सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चा होने लगी है।