कोलकाता: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बुधवार आधी रात हुई तोड़फोड़ की घटना पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने आज कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कोर्ट ने राज्य मशीनरी को पूरी तरह नाकाम बताते हुए चिंता जताई है और अस्पताल बंद करने और मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित करने की सलाह दी है।
यह घटना तब हुई जब जूनियर डॉक्टर के लिए न्याय की मांग करते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं कोलकाता की सड़कों पर प्रदर्शन कर रही थीं। कुछ लोग पुलिस बैरिकेड तोड़कर अस्पताल परिसर में घुस गए और आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़ की। कुर्सियां, बोर्ड, और धरना मंच को तोड़ दिया गया।
पुलिस ने जानकारी दी है कि 30-40 युवकों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है। यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह घटना महिलाओं के शांतिपूर्ण आंदोलन से ध्यान हटाने के लिए सुनियोजित थी, क्योंकि पुलिस की मौजूदगी में भी तोड़फोड़ हुई।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला रेजिडेंट डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस वजह से दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में शुक्रवार को भी इमरजेंसी को छोड़कर सभी चिकित्सा सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
Pls read:Pakistan: पाकिस्तान में एमपॉक्स के तीन मामले सामने आने से भारत में भी सतर्कता बढ़ी