देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जोगीवाला स्थित गंगोत्री विहार में नौसेना के शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती के स्वजन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनंत की याद में स्मृतिद्वार बनाया जाएगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और महापौर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे। इधर, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पछवादून के जिलाध्यक्ष संजय किशोर व सचिव नवीन जोशी ने भी शहीद के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। त्रिशूल चोटी आरोहण के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती शहीद हो गए थे। अनंत के पिता जगदीश प्रसाद कुकरेती वन विभाग में रेंजर के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका परिवार मूलरूप से गांव जौरासी पट्टी दुगड्डा ब्लाक, पौड़ी का रहने वाला है। अनंत की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। उनकी पत्नी राधा मुंबई में स्टेट बैंक में कार्यरत हैं।