![](https://thehillnews.in/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन के बाद जनता दर्शन किया। इस दौरान लगभग तीन सौ लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के दिशानिर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें।
जनता दर्शन में इलाज में आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर पहुंची एक महिला को मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मगवाइए, इलाज का पैसा सरकार देगी। इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन्हें इलाज में सरकार से आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनकी एस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए। समस्याओं के समाधान में किसी स्तर पर कोई लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए। इसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमेशा के तरह इस बार भी जनता दर्शन में थाने और तहसील से निराश होकर आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं।