उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश कहर बरपा रही है। कई राज्यों में बारिश से घरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है। हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। प्रदेश में बीते 3 दिनों से लगातार बारिश जारी है। बारिश ने सबसे ज्यादा नुकसान मंडी जिले में पहुंचाया है। प्रदेश की सैकड़ों सड़कें बारिश और भूस्खलन (Himachal Landslide) के चलते प्रभावित हुई हैं। हिमाचल में आफत की बारिश और भूस्खलन के कारण छह लोगों की मौत हुई है। कुमारसैन में भूस्खलन के कारण दंपत्ती और एक बच्चे की मौत हो गई। न्यू शिमला में मकान पर पेड़ के गिरने के कारण उसके मलबे में 70 वर्षीय महिला की दबकर मौत हो गई। जबकि 22 वर्षीय युवती मलबे में दबने से घायल हो गई।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदियां और नाले उफान पर हैं, रावी नदी के पास स्थित कई घर जलमग्न हो गए हैं। मलबे और चट्टानों के कारण पठानकोट-भरमौर एनएच बंद हो गया। बारिश के बाद हुए नुकसान की भयावह तस्वीरें और वीडियो सामने आई हैं। कहीं ताश के पत्तों की तरह मकान ढह गए तो कहीं लंबे-लंबे पुल नदियों में बह गए। ऐसी भी तस्वीरें सामने आईं, जिसमें कारें पानी में बहती हुईं नजर आईं। नदी-नालों के साथ लगते गांव-कस्बे बाढ़ से काफी ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यहां से लगातार लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।