मसूरी। मसूरी से देहरादून आ रही उत्तराखँड परिवहन निगम की बस के ब्रेक फेल हो गई, लेकिन चालक की सूझबूझी से बड़ा हादसा टल गया। चालक ने बस को पहाड़ी से टकरा दिया। एक माह में यह रोडवेज बस के ब्रेक फेल की तीसरी घटना है। बुधवार शाम करीब चार बजे मसूरी के लाइब्रेरी बस स्टैंड से देहरादून के लिए रवाना हुई उत्तराखंड परिवहन निगम की बस करीब 400 मीटर आगे ही पहुंची थी कि उसके ब्रेक फेल हो गए।
चालक धीरज मुनि शाह ने सूझबूझ से बस को पदमिनी निवास होटल जाने वाले संपर्क मार्ग पर चढ़ाकर पहाड़ी से टकरा दिया। जिससे बस रुक गई और सभी सवारियों की जान बच गई। चालक धीरज मुनि शाह ने बताया कि बस का ब्रेक प्रेशर लीक हो रहा था। उन्होंने जैसे ही ब्रेक लगाए तो पैडल नीचे बैठ गया। दून-मसूरी मार्ग पर पर्वतीय डिपो की बसें संचालित होती हैं। पर्वतीय डिपो (मसूरी डिपो) में निगम की कुल 87 बसें हैं। इनमें सात बसें लंबी दूरी के मैदानी मार्गों की हैं। डिपो में 80 बसें पर्वतीय मार्गों की हैं। पर्वतीय डिपो की रोजाना 30 बसें मसूरी मार्ग पर संचालित होती हैं। इनमें 25 बसें केवल दून-मसूरी जबकि शेष बसें मसूरी होकर दूसरे पर्वतीय स्थलों तक जाती हैं। पर्यटन सीजन होने के कारण इन दिनों काफी भीड़ है, लिहाजा निगम प्रबंधन कार्यशाला में ऑफ रोड खड़ी बसों को भी मसूरी भेज दे रहा। दून-मसूरी मार्ग पर तीन माह में यह तीसरी बड़ी घटना है, जब परिवहन निगम की बस दुर्घटना का शिकार बनी हो।
यह पढ़ेंःBajpur: नदी में मिले कटे हुए मानव अंग, क्षेत्र में सनसनी