पटना। बिहार में राजनीतिक उथलपुथल के बीच एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा का साथ छोड़ने जा रहे हैं। बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार गिरने वाली हैं और मुख्यमंत्री नीतीश सरकार अब लालू प्रसाद यादव की आरजेडी के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। केवल उसकी घोषणा शेष है।
मुख्यमंत्री नीतीश अब राज्यपाल से मिलकर एनडीए से अलग होने व महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपेंगे। इस बीच नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने के पहले राबड़ी देवी से मिलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राबड़ी देवी से मुलाकात करने उनके आवास पर जा रहे हैं। वहां उनकी मुलाकात तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव से भी होगी। बताया जा रहा है कि वे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से फोन पर बात भी करेंगे। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि बिहार में जो भी समीकरण बने, वे नीतीश कुमार के साथ हैं। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार के खिलाफ बड़ी साजिश की गई, उनका कद छोटा करने की कोशिश की गई। वे जल्द ही इस साजिश का राज उजागर करेंगे।