देहरादून। शपथ ग्रहण के छह दिन गुजर जाने के बाद भी धामी सरकार में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि बड़े विभागों को लेकर माथापच्ची चल रही है। आज विभागों के बंटवारे की उम्मीद है। कल 29 मार्च से विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। सोमवार तक मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं किया तो सत्र में मंत्री बिना विभागों के शामिल होंगे। धामी सरकार में सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्य को दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, जबकि प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा और चंदन राम दास मंत्रिमंडल में नए चेहरे हैं। चर्चा है कि प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, चंदन राम दास को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।
कामकाज और रुतवे के हिसाब से लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, आबकारी खनन, राजस्व, पर्यटन, उद्योग, कार्मिक, गृह विभाग पर सबकी नजर रहती है। लोक निर्माण विभाग को तो सरकार की टकसाल भी कहा जाता है। धामी के पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद लोक निर्माण विभाग सतपाल महाराज, ऊर्जा डॉक्टर हरक सिंह रावत, आबकारी यशपाल आर्य और स्वास्थ्य डॉक्टर धन सिंह रावत को सौप दिए गए थे।