देहरादून। कांग्रेस विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद अब 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। प्रदेश में कांग्रेस के नए अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का चयन इसी तैयारी को ध्यान में रखकर किया जाएगा। दोनों ही पदों पर नियुक्ति के संबंध में निर्णय जल्द होगा।
कांग्रेस के सामने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को सुधारने की चुनौती है। पांचवीं विधानसभा के चुनाव में पार्टी प्रदेश की सत्ता में आने के बजाय दोबारा विपक्ष में पहुंच गई है। कांग्रेस हाईकमान इस हार के लिए प्रदेश अध्यक्ष पद से गणेश गोदियाल का इस्तीफा ले चुका है। अब नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन होना है। साथ ही नेता विधानमंडल दल भी चुना जाना है। केंद्रीय पर्यवेक्षक अविनाश पांडेय एवं प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने दो दिनी समीक्षा बैठक के दौरान पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों, प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं से इन पदों में होने वाली नई नियुक्तियों को लेकर विचार-विमर्श किया। कांग्रेस विधानसभा के इसी माह होने वाले सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष का चयन कर सकती है।
यह हैं नेता प्रतिपक्ष के दावेदार
- प्रीतम सिंह
- यशपाल आर्य
- हरीश धामी
यह है प्रदेश अध्यक्ष के दावेदार
- भुवन कापड़ी
- य़शपाल आर्य
- गौरव चौधरी