देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में दो दिन मौसम बदला रहने की संभावना जताई है। ऐसे में तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। ज्यादातर इलाकों में चटख धूप खिल रही है। जिससे पारा भी चढ़ने लगा है। मैदानी इलाकों में दोपहर में धूप चुभने लगी है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इस बीच पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट की आशंका है।