उत्तरकाशी: जिला मुख्यालय में महाशिवरात्रि पर्व पर प्राचीन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से भव्य शोभा यात्रा और शिव बरात का आयोजन किया गया। बरात में श्री विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय, मांडो रासो दल, गायत्री परिवार, सौम्यकाशी विद्वत समाज, श्री गंगोत्री व यमुनोत्री तीर्थ पुरोहित, महिला संकीर्तन दल, वुढेरा दल, कर्तव्य फाउंडेशन, फौजी दिदा (विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति) आदि दलों ने क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। वहीं लंकापति रावण की वेशभूषा में सजे कमल सिंह रावत, राम-सीता, हनुमान व लक्ष्मण की वेशभूषा में सजे श्री राम दरबार बड़ेथी के कलाकारों ने शोभा यात्रा में चार चांद लगाए। शिव-पार्वती की वेशभूषा में सजे गोपाल विद्या मंदिर के बच्चों ने भी लोगों का मन मोहा। लोगों ने बरात पर पुष्प वर्षा की।