खटीमा। मतदान के बाद ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा के मझोला में हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर कांग्रेस नेताओं समेत नौ के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक दिन पहले एक पक्ष के हरप्रीत सिंह की तहरीर पर भाजपा नेताओं समेत छह लोगों पर विभिन्न धाराओं पर मुकदमा दर्ज किया था।
सरपुड़ा निवासी दिलबाग सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी को उनका पुत्र अपने अन्य साथियों के साथ बनगवां गांव में चुनाव प्रचार करने गया था। आरोप है कि इसी दौरान कांग्रेस पार्टी के कुछ लोगों ने उसके वाहन को रोक लिया। जहां उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद 15 फरवरी को दिन में जब उनका पुत्र ससुराल जा रहा था। तभी मझोला में कुछ लोगों ने उसे जबरन रोक लिया। जहां उसके साथ मारपीट की गई। उसके सिर पर बाका से हमला कर दिया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आयी हैं। उसे नागरिक अस्पताल लाया गया।