विधानसभा चुनाव की तैयारी अंतिम मोड़ पर है। शुक्रवार को 35 भारी बर्फबारी वाले मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी जाएंगी। वहीं, अपेक्षाकृत कम बर्फबारी या ज्यादा दूरी वाले बूथों के लिए शनिवार को 1442 पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। 14 फरवरी को होने वाले मतदान पर बर्फबारी भारी न पड़े, इसके लिए खास तैयारी की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने चुनाव आयोग से भारी बर्फबारी वाले बूथों के लिए 72 घंटे पहले यानी तीन दिन पहले पोलिंग पार्टियां भेजने की अनुमति ली है। उत्तरकाशी के 17 और पिथौरागढ़ के 18 बूथों के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। बता दें, इस बार इसके बाद शनिवार को जिन 1442 मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियां जाएंगी, उनमें उत्तरकाशी के 72, चमोली के 34, रुद्रप्रयाग के 18, टिहरी के 463, देहरादन के 121, पौड़ी गढ़वाल के 278, पिथौरागढ़ के 142, बागेश्वर के 14, अल्मोड़ा के 238, चंपावत के 38, नैनीताल के 24 बूथ शामिल हैं। मतदान से एक दिन पहले प्रदेश के 10 हजार 222 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। प्रदेश के पांच हजार 860 बूथों पर इस बार वेबकास्टिंग की जाएगी। इनमें सर्वाधिक ऊधमसिंह नगर के 745 बूथ हैं।