देहरादून : नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो महिला पुलिसकर्मी आकर उस पर क्लैंप लगा देंगी। इसके बाद ट्रैफिक चालान भुगतने पर वाहन छूटेगा। शहर में डीआईजी देहरादून जन्मेजय खंडूरी के निर्देश पर इसके लिए क्लैंप मोबाइल टीम उतारी गई है। जिसमें महिला पुलिस कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक यातायात अक्षय कोंडे ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़कों पर कहीं पर भी वाहनों को खड़ा करने की लोगों की आदत में सुधार लाये जाने के लिए यह तरीका अपनाया जा रहा है। इसके लिए यातायात पुलिस में नियुक्त महिलाओं की विशेष टीम (क्लैंप मोबाइल वाहन) तैयार कर एक यातायात महिला पेट्रोलिंग दस्ता की शुरुआत की गयी है। यह टीम शहरी क्षेत्र में घूमकर ऐसे वाहनों को उसी स्थान पर क्लैंप लगाकर वाहन के टायर को जाम कर देगी। यह टीम चौराहों के आसपास के बजाए शहर की सड़कों पर सभी स्थानों पर घूमेगी। पुलिस को इसका लाभ यह भी मिलेगा कि पुरुष पुलिस कर्मचारी से अक्सर क्लैंप लगाने पर लोग भिड़ जाते हैं। लेकिन, महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ ऐसा बहुत कम होगा।