लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार समाजवादी पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे जिन्ना के उपासक हैं और हम सरदार पटेल के पुजारी हैं। उनको पाकिस्तान प्यारा है, हम मां भारती पर जान न्योछावर करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके कहा- वो तो जिन्ना के उपासक हैं। हम तो सरदार पटेल’ के पुजारी, उनको पाकिस्तान प्यारा, हम मां भारती पर न्योछावर।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दस फरवरी को होने वाले पहले चरण के मतदान को लेकर भारतीय जनता पार्टी मिशन मोड पर है। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ दोनोंं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तथा डा दिनेश शर्मा लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं।
इनके साथ भाजपा उत्तर प्रदेश संगठन के साथ शीर्ष नेतृत्व भी लगा है। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा अन्य पदाधिकारी भी मोर्चे पर डट गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले वरिष्ठ नेता अमित शाह इन दिनों डोर टू डोर कैम्पेन में लगे हैं। शुक्रवार को भी मथुरा, मेरठ, बागपत में भाजपा नेता पार्टी के प्रत्याशियों के साथ जाकर घर-घर पर लोगों से जनसंपर्क करेंगे।