आगरा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश चुनाव में पश्चिम यूपी का मोर्चा संभाल लिया है। जाट संगठनों से वार्ता के अगले दिन शाह मथुरा पहुंच गए हैं। वे सबसे पहले वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पहुंचे हैं। यहां पूजा अर्चना के बाद वे मथुरा में मतदाताओं का मन टटोलेंगे। वह मथुरा में प्रभावी मतदाताओं के साथ बैठक कर चुनावी चर्चा करेंगे, वहीं संगठन के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। गोवर्धन विधानसभा के गांव सतोहा में वह घर-घर जनसंपर्क भी करेंगे।
भाजपा के लिए पश्चिम यूपी में किसान आंदोलन के चलते खासी दिक्कते हैं। जाट पार्टी से पूरी तरह से नाराज बताए जा रहे हैं. कई विधानसभाओं में भाजपा के विधायकों को जाट अपने गांवों में घुसने नहीं दे रहे हैं। ऐसे में अमित शाह ने क्षेत्र की कमान संभाल ली है। कैराना में घर घर से संपर्क अभियान चलाने के बाद शाह जाट नेताओं से मिले। उन्होंने जयंत चौधरी को लेकर भी सकारात्मक टिप्पणी की। अब जाटों में भाजपा की पैठ बनाने लिए आगरा मथुरा के दौरे पर हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह निर्धारित समय में कुछ विलंब से पवनहंस हैलीपैड पर उतरे, यहां से सीधे वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर रवाना हुए। मंदिर में उनके पहुंचने से पहले ही सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता कर दिए गए थे। करीब एक घंटे तक संवाद के बाद मथुरा में चुनाव कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। गृह मंत्री अपराह्न तीन बजे गोवर्धन विधानसभा के गांव सतोहा में घर-घर जनसंपर्क करेंगे। करीब साढ़े तीन बजे वह दादरी के लिए रवाना होंगे।