टीवी अदाकारा किश्वर मर्चेंट ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर यह बताया की उनके चार महीने का बेटा निरवैर अब कोरोना पॉजिटिव हो गया है। एक्ट्रेस ने अपना यह पोस्ट अपने पति सूयश को समर्पित करते हुए कहा कि इस मुश्किल हालात में उनके पति सूयश ने उनका बहुत साथ निभाया। यह पोस्ट किश्वर ने अपने और सूयश के डेटिंग एनिवर्सरी पर शेयर किया था। इसके साथ एक्टेस ने बताया कि कैसे समझदारी के साथ उनके पति ने इन हालात को संभाला और वह कैसे उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम बने। इसके साथ किश्वर मर्चेंट ने यह भी साझा किया कि सबसे पहले उनके बेटे की नैनी कोरोना पॉजिटिव हुई थी। जिसके बाद उनकी हाउस हेल्प संगीता भी कोरोना पॉजिटिव निकली। फिर उनके पति सूयश के पार्टनर सिड भी इस वायरस के चपेट में आ गए जो उनके साथ रह रहे थे। अंत में एक्ट्रेस के चार महीने का बेटा भी कोरोना से संक्रमित हो गया। जैसे ही एक्ट्रेस ने यह पोस्ट शेयर किया वैसे ही सोशल मीडिया यूजर्स उनके बेटे के जल्द ठीक होने की कामना करने लगे।