Uttarakhand: माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह का शुभारंभ, डॉ. मोहन भागवत ने किया प्रतिभाग – The Hill News

Uttarakhand: माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह का शुभारंभ, डॉ. मोहन भागवत ने किया प्रतिभाग

हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड और शंखनाद के बीच तीन कलशों के प्रवेश के साथ हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण करते हुए समारोह स्थल पहुंचे। यहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर उनका स्वागत किया।

समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख शैलदीदी ने की। प्रातःकालीन सत्र के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रहे।

सौ वर्ष तक संगठन चलाना बड़ी चुनौती

डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता। इतने लंबे समय तक संगठन को अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान स्वयं सामने नहीं आते, बल्कि योग्य व्यक्तियों और संगठनों को उसका उत्तरदायित्व सौंपते हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है और इनके समाधान के लिए दुनिया की निगाह भारत की ओर है। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मानवता को सही दिशा देने की क्षमता है।

डॉ. भागवत ने कहा कि किसी संगठन की सौ वर्ष की यात्रा में उपेक्षा और अनेक चुनौतियां आती हैं, लेकिन निरंतर सेवा और समर्पण से समाज का विश्वास और समर्थन प्राप्त होता है। उन्होंने संघ और गायत्री परिवार के कार्यों को ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़ा बताते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा और समाज निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने हनुमान जी को सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आदर्श बताते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने स्वयं को रामकार्य के लिए समर्पित किया, उसी भावना से प्रत्येक कार्यकर्ता को सनातन संस्कृति और समाज निर्माण के लिए काम करना चाहिए।

माता भगवती देवी शर्मा के योगदान को किया याद

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन एक ऐतिहासिक और सौभाग्यपूर्ण अवसर है। उन्होंने महर्षि अरविन्द के कथन का स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 2026 इतिहास में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा।

डॉ. पण्ड्या ने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जिस संकल्प और संगठन शक्ति के साथ अश्वमेध महायज्ञों का संचालन किया, वह अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है।

इससे पहले जगद्गुरु आश्रम के स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी संस्था की वास्तविक पहचान उसके भवन और संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले लोगों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन मूल्यों से होती है। समारोह में श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद और सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अन्य संतों ने भी आशीर्वचन दिए।

माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में डाक टिकट जारी

जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, सेवा और मातृत्व से ओतप्रोत जीवन को समर्पित विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। इसका उद्देश्य उनके व्यक्तित्व, विचारों और समाज निर्माण में योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, स्वामी राजराजेश्वराश्रम और डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने संयुक्त रूप से डाक टिकट का अनावरण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने माता भगवती देवी शर्मा के जीवन को नारी जागरण, सेवा और सामाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बताया।

शांतिकुंज में शैलदीदी से मिले डॉ. भागवत

शांतिकुंज प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत ने गायत्री परिवार की प्रमुख शैलदीदी से आत्मीय भेंट की। दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई। डॉ. भागवत ने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व बंधुत्व और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

शैलदीदी ने मंगल तिलक लगाकर उनका स्वागत किया और गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र, युग साहित्य तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में भारत सहित 40 देशों से आए गायत्री परिवार के सदस्य और जिला प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए।

 

Pls read:Uttarakhand: हरिद्वार के चंडीघाट पर योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *