देहरादून। उत्तराखंड में वेडिंग डेस्टिनेशन, शीतकालीन पर्यटन और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन विकास के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा तीन प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्रों को चिह्नित कर उनके विकास की योजना पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के वेडिंग डेस्टिनेशन, शीतकालीन और आध्यात्मिक पर्यटन के विजन को धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए नई पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के साथ मौजूदा सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल
धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को विवाह समारोहों के प्रमुख स्थलों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर के तहत भी नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन नीति तैयार कर इसकी गाइडलाइन भी जारी कर दी हैं। इससे प्रदेश में विवाह समारोहों के आयोजन को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों, होटल संचालकों तथा स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ेंगे।
तीन क्षेत्रों में आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पौड़ी जिले के बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी के अंजनीसैंण और चंपावत के लोहाघाट व श्यामलाताल को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा देने की योजना है।
शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं को 50 प्रतिशत छूट
शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के पर्यटक आवास गृहों में श्रद्धालुओं को 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष शीतकालीन यात्रा के दौरान 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के प्रवास स्थलों पर दर्शन किए। वहीं, इस बार चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
पर्यटन गतिविधियों को नए आयाम देने के लिए आदि कैलाश परिक्रमा रन के तहत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है। इसके अलावा माणा घाटी में भी मैराथन दौड़ आयोजित करने का प्रस्ताव है।
स्थानीय उत्पादों को मिल रहा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। आईटीबीपी के साथ हुए समझौता ज्ञापन के माध्यम से 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड का कारोबार बढ़कर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं।
प्रधानमंत्री को भेंट किए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा यानी पारंपरिक ऊनी वस्त्र, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल थे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।