Punjab: हरजिंदर सिंह धामी लगातार छठी बार बने एसजीपीसी के प्रधान, नई टीम का भी हुआ चयन – The Hill News

Punjab: हरजिंदर सिंह धामी लगातार छठी बार बने एसजीपीसी के प्रधान, नई टीम का भी हुआ चयन

अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के वार्षिक चुनावी इजलास में एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को एक बार फिर प्रधान चुन लिया गया है। शुक्रवार को अमृतसर स्थित तेजा सिंह समुद्री हाल में आयोजित चुनावी इजलास के दौरान नई टीम का चयन किया गया। धामी लगातार छठी बार इस महत्वपूर्ण पद पर निर्वाचित हुए हैं। उनके दोबारा प्रधान बनने की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी। चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल के खेमे में भी पूरा आत्मविश्वास नजर आया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि नई टीम का चयन सर्वसम्मति से किया गया है।

चुनावी इजलास में संस्था के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के नामों पर भी मुहर लगाई गई। सरदार रघुजीत सिंह विर्क को वरिष्ठ उपप्रधान, जबकि सरदार गुरबख्श सिंह खालसा को कनिष्ठ उपप्रधान चुना गया। इसके अलावा सरदार गुरप्रीत सिंह झब्बर को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जगह

एसजीपीसी की नई कार्यकारिणी में कुल 11 अंतरिम सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें मोहन सिंह बंगी, बावा सिंह गुमानपुरा, रणजीत सिंह काहलों, नवतेज सिंह काउणी, परमजीत कौर मूनक, रविंदर सिंह खालसा, दर्शन सिंह बराड़ मोठांवाली, चरण सिंह आलमगीर, गुरिंदरपाल सिंह गोरा, कुलदीप सिंह नस्सूपुर और नरिंदर कौर रणीया शामिल हैं।

नई टीम के गठन के साथ ही एसजीपीसी के आगामी कार्यों और धार्मिक गतिविधियों को लेकर जिम्मेदारियां भी तय हो गई हैं। चुनावी प्रक्रिया में शिरोमणि अकाली दल के नेताओं का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

कौन हैं हरजिंदर सिंह धामी

एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का जन्म वर्ष 1956 में हुआ था। उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा हासिल की है। वह पिछले करीब चार दशक से वकालत के पेशे में सक्रिय हैं। धार्मिक और सामाजिक मामलों के साथ-साथ सिख संस्थाओं से जुड़े कानूनी विषयों पर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

धामी पहली बार वर्ष 1996 में एसजीपीसी के सदस्य चुने गए थे। इसके बाद वह लगातार इस संस्था से जुड़े रहे। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने धर्म प्रचार कमेटी और कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं।

वर्ष 2019 में उन्हें एसजीपीसी का महासचिव चुना गया। इसके बाद 2020 में उन्होंने संस्था में मुख्य सचिव के प्रशासनिक पद पर भी जिम्मेदारी संभाली। नवंबर 2021 में पहली बार एसजीपीसी के प्रधान चुने जाने के बाद से वह लगातार इस पद पर बने हुए हैं।

धामी को सिख धार्मिक संस्थाओं और सिख समुदाय से जुड़े मामलों की अच्छी समझ रखने वाला नेता माना जाता है। वह सिख संघर्ष से जुड़े कई लोगों के कानूनी मामलों की पैरवी भी कर चुके हैं।

लगातार छठी बार प्रधान चुने जाने के साथ ही धामी के नेतृत्व में एसजीपीसी की नई टीम ने कार्यभार संभालने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब संस्था के सामने धार्मिक गतिविधियों, गुरुद्वारों के प्रबंधन और सिख समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी।

 

Pls read:Punjab: पंजाब में 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी, अब 48 लाख परिवारों को मिलेगा ‘मेरी रसोई’ योजना का लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *