देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पत्नी गीता धामी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ करवाचौथ का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को करवाचौथ की शुभकामनाएं देते हुए सभी परिवारों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करवाचौथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह प्रेम, समर्पण, आपसी विश्वास और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे त्योहार परिवार के सदस्यों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के साथ समाज में आपसी सद्भाव और विश्वास की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
धामी ने कहा कि भारतीय परंपराओं में पर्व और त्योहार सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रदेश के सभी परिवारों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली बनी रहे।