देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया की दिशा में नया कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के 1,818 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को अधियाचन भेजा गया है। इन पदों में पुलिस, वन, आबकारी और कारागार विभाग के विभिन्न संवर्ग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता और क्षमता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, अब तक प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, जवाबदेह और समयबद्ध तरीके से पूरी हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक योग्य युवा को अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
पुलिस विभाग में 1,385 पदों पर भर्ती
भर्ती के लिए भेजे गए अधियाचन में सबसे अधिक पद उत्तराखंड पुलिस विभाग के हैं। इनमें आरक्षी संवर्ग के 1,187 पद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 पद और प्लाटून कमांडर पीएसी, आईआरबी तथा एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पद भरे जाएंगे। आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
वन विभाग में वन आरक्षी के 189 पदों के साथ स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर
राज्य सरकार का कहना है कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों के लिए अधियाचन भेजना युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आयोग को भेजे गए प्रस्ताव के बाद भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ेगी। इससे प्रदेश के अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, योग्य उम्मीदवारों को उनकी मेहनत और क्षमता के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए।
Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में विरासत अभियान से 4943 संपत्ति नामांतरण मामलों का निस्तारण