Orissa: चक्रवात अर्णब से ओडिशा के नौ जिलों में तबाही – The Hill News

Orissa: चक्रवात अर्णब से ओडिशा के नौ जिलों में तबाही

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। ओडिशा के गंजाम और गजपति समेत नौ जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गंजाम के करीब 300 और गजपति के 700 से अधिक गांवों में तूफान और बारिश के कारण हालात बिगड़ने की खबर है। राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए आपदा प्रबंधन एजेंसियों की 313 टीमें तैनात की हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 59,028 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इनमें गंजाम जिले के 11,882 लोग शामिल हैं। कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुसने के कारण लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। वहीं, गजपति और गंजाम जिलों के 2,328 लोगों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। गजपति जिले के मोहना ब्लॉक में राष्ट्रीय राजमार्ग-326 का करीब 300 मीटर हिस्सा भी पानी के बहाव में बह गया।

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की नौ, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की 60 और अग्निशमन विभाग की 244 टीमें लगाई गई हैं। गंजाम जिले में सबसे अधिक 45 ओडीआरएएफ और सात एनडीआरएफ टीमें तैनात हैं। गजपति में 12 ओडीआरएएफ और एक एनडीआरएफ टीम राहत कार्य में जुटी है। मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, नबरंगपुर, कालाहांडी, नुआपाड़ा और कंधमाल जिले भी प्रभावित बताए गए हैं।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से भी स्थिति पर चर्चा की।

बहुदा नदी का जलस्तर बढ़ने से रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित

आंध्र प्रदेश और ओडिशा की सीमा पर बहने वाली बहुदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। इसके चलते हावड़ा-चेन्नई रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 36 ट्रेनें रद की गईं, 30 के मार्ग बदले गए और आठ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया। ईस्ट कोस्ट रेलवे और साउथ कोस्ट रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद करने तथा उनके मार्ग बदलने की जानकारी दी।

खराब मौसम का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा। गुरुवार को कोलकाता से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 7463 मौसम खराब होने के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। विमान करीब 20 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद वापस कोलकाता लौट गया।

आंध्र प्रदेश के तट के पास फंसे मालवाहक जहाज ‘सिग्मा पर्ल’ के चालक दल के 20 सदस्यों को भारतीय तटरक्षक बल ने एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बचाया। जहाज पर मौजूद अन्य सात नाविकों को निकालने का अभियान जारी होने की जानकारी दी गई।

कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर

बिहार में पटना समेत विभिन्न जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य के 33 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की। पश्चिम बंगाल में भी अगले 24 घंटे के दौरान कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना सहित कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया।

छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में 27 अक्टूबर की शाम आसमान लाल और गुलाबी दिखाई देने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से ऊंचाई पर बादल छाने और सूर्यास्त के बाद प्रकाश के प्रभाव के कारण बादलों का रंग लाल-गुलाबी दिखाई दे सकता है।

उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहे और बारिश के मद्देनजर मौसम विभाग की चेतावनी का स्तर बढ़ाया गया।

चक्रवात के दौरान अस्पतालों में कराए गए प्रसव

आंध्र प्रदेश में तूफान के दौरान 367 बच्चों का जन्म होने की जानकारी दी गई है। एहतियात के तौर पर 3,100 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में पहुंचाया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी 4,228 महिलाओं की पहचान की थी, जिनका प्रसव अगले दो सप्ताह में संभावित था या जिनकी गर्भावस्था उच्च जोखिम वाली श्रेणी में थी। ओडिशा में भी तूफान के दौरान 931 बच्चों के जन्म की सूचना दी गई।

 

Pls read:WB: भूटान में ग्लेशियर झील फटने से संकोष नदी का जलस्तर बढ़ा, बंगाल और असम में अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *