Uttarakhand: कैंची धाम पहुंचे हनुमान अंश के अभिनव सत्या – The Hill News

Uttarakhand: कैंची धाम पहुंचे हनुमान अंश के अभिनव सत्या

गरमपानी। बाबा नीब करौरी की जीवनी और उनसे जुड़े प्रसंगों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा का किरदार निभाने वाले अभिनव सत्या सोमवार को फिल्म की टीम के अन्य सदस्यों के साथ प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा नीब करौरी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। अभिनव के कैंची धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर के मुख्य गेट के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्था संभाली।

कैंची धाम पहुंचने पर अभिनव सत्या और फिल्म टीम के सदस्यों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कलाकारों को देखकर उत्साह जताया और पूरा क्षेत्र सीताराम के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रबंधक प्रदीप साह सहित अन्य सदस्यों ने फिल्म टीम का स्वागत किया।

अभिनव सत्या और टीम ने मंदिर प्रबंधन के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कैंची धाम और उसके आसपास चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली गई। फिल्म की टीम ने आश्रम प्रबंधन के सदस्यों के साथ फिल्म के अगले भाग ‘हनुमान अंश पार्ट टू’ को लेकर भी चर्चा की। प्रबंधन की ओर से फिल्म के पहले भाग की सराहना करते हुए आगामी फिल्म के निर्माण के लिए टीम को शुभकामनाएं दी गईं।

‘हनुमान अंश’ फिल्म इन दिनों चर्चा में है। बाबा नीब करौरी के जीवन और उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व को केंद्र में रखकर बनाई गई इस फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने का दावा किया जा रहा है। करीब दो करोड़ रुपये के बजट में तैयार फिल्म ने अब तक चार करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा अर्जित किया है। फिल्म के गीत भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।

अभिनव सत्या के कैंची धाम पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में प्रशंसक मंदिर के मुख्य द्वार के पास पहुंच गए। अपने पसंदीदा कलाकार को सामने देखकर प्रशंसकों में खासा उत्साह नजर आया। अभिनव ने भी लोगों को निराश नहीं किया और एक-एक कर उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रशंसकों ने उनके साथ बातचीत की और तस्वीरें भी खिंचवाईं।

फिल्म टीम के दौरे को देखते हुए भवाली और कैंची पुलिस की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच फिल्म कलाकारों की मौजूदगी से माहौल खासा उत्साहपूर्ण रहा।

 

Pls read:Uttarakhand: नानकमत्ता में मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वच्छता अभियान में श्रमदान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *