Uttarakhand: नानकमत्ता में मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वच्छता अभियान में श्रमदान – The Hill News

Uttarakhand: नानकमत्ता में मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वच्छता अभियान में श्रमदान

नानकमत्ता। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नानकमत्ता पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हुए स्वयं साफ-सफाई कर श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखने और इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने की अपील की। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और आसपास के वातावरण की स्वच्छता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ पर्यटन क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता का दायरा केवल मंदिर, गुरुद्वारे या अन्य धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं होना चाहिए। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए सरकारी प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को देशभर में मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से उत्तराखंड में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सेवा, संवाद, जनभागीदारी और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नानकमत्ता में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता किसी विशेष दिन या आयोजन तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है। इसे निरंतर व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए तो व्यापक स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

उन्होंने धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल लोगों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि इससे धार्मिक और पर्यटन स्थलों की गरिमा भी बनी रहती है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: खटीमा में आदि रंगोत्सव में दिखी जनजातीय संस्कृति की समृद्ध छटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *