खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव’ जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के रंगों से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विविध जनजातीय परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य में हिस्सा लिया और ढोल भी बजाया। उनके इस अंदाज ने कलाकारों और दर्शकों में उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट की। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, गौरव और समृद्ध परंपराओं को सामने लाने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने और देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न समुदायों की संस्कृति ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। अटल आवास योजना के तहत ऊधम सिंह नगर में तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण हो रहा है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग चार करोड़ रुपये की लागत वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है। विद्यालय में 240 बालकों और 240 बालिकाओं सहित 480 विद्यार्थियों की क्षमता होगी। मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध केंद्रीय मंत्रियों से किया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता की सराहना करते हुए कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समुदाय राज्य की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने जनजातीय विरासत के संरक्षण और विकसित भारत के लक्ष्य में जनजातीय समाज की भागीदारी पर जोर दिया।
महोत्सव में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान एवरेस्ट फतह करने वाले खटीमा क्षेत्र के मोहन सिंह राणा और टीला सेन को भी मुख्यमंत्री ने बधाई दी।
Pls read:Uttarakhand: धामी कैबिनेट के बड़े फैसले वन भूमि से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक कई प्रस्तावों को मंजूरी