Uttarakhand: नमो क्रिकेट लीग में मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों के साथ खेला क्रिकेट युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

पंचकूला, 3 अक्टूबर। ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। देश के विभिन्न हिस्सों से आई 30 से अधिक टीमों ने लीग में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के मैदान पर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलने पर वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अनुभव अलग होता है और खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को लक्ष्य हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास, समर्पण और टीम भावना के साथ आगे बढ़ना सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी खेल प्रतिभा और उत्साह की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ के संदेश के साथ उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से बचने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली से जोड़ने का संदेश देना भी है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि यदि किसी चीज की आदत डालनी है तो खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को खेल, रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने पर जोर दिया। उनके अनुसार, खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना भी विकसित होती है। खेल मैदान में जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की भावना पैदा होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को खेल तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

हरियाणा की खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों के पीछे लंबे समय का अभ्यास, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण रहता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि इसका असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं। इसके विपरीत खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ स्वस्थ जीवन और अनुशासन की ओर ले जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने तथा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

 

Pls read:Uttarakhand: रामपुर तिराहा के अमर बलिदानियों को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *