Uttarakhand: फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू की मुख्यमंत्री ने संभाली कमान आठ हेलीकॉप्टर तैनात

देहरादून, 29 सितंबर 2026। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में फंसे लोगों की संख्या, उनकी वर्तमान स्थिति, अब तक किए गए रेस्क्यू और शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए और अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की सूचना मिली थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी और 43 लोग बागेश्वर जिले के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए।

उत्तरकाशी में 40 लोगों का रेस्क्यू

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में चल रहे अभियान की विशेष रूप से जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार वहां फंसे 136 लोगों में से 40 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए अभियान को अगले चरण में सुबह छह बजे से दोबारा शुरू करने की तैयारी की गई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ट्रैकर्स, माउंटेनियर्स और पोर्टर्स की सुरक्षा हर स्थिति में प्राथमिकता पर रहे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों की तत्काल व्यवस्था करने और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

आठ हेलीकॉप्टर तैनात हेली एंबुलेंस रहेगी तैयार

रेस्क्यू अभियान के लिए आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरत के अनुसार हवाई संसाधनों का तत्काल उपयोग किया जाए। साथ ही हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखने को कहा गया है, ताकि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होने पर उसे जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के जिलाधिकारी से भी बातचीत कर मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराने तथा अभियान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों और धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर ठोस कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा को एक साथ सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: कालिंदी पास और ऑडिन कोल बेस से 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *