देहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के हजारों युवाओं और औद्योगिक संस्थानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजधानी के मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के लगभग 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को 24 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफल लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
पूरे देश में एक साथ आयोजित इस विशाल कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने देश भर के 15 लाख से अधिक युवाओं और श्रमिकों के खातों में कुल 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। योजना के तहत उन युवाओं को 15 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है जिन्होंने पहली बार नौकरी प्राप्त की है। साथ ही, नए रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी पर चार वर्षों तक तीन हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक मदद दी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि युवा शक्ति ही ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिल रही है, बल्कि औद्योगिक इकाइयों को भी अधिक नियुक्तियां करने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यदि देश के युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा मिले, तो भारत को पुनः विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उत्तराखंड की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में निवेश, उद्योग और रोजगार को गति देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां लागू की हैं। इन प्रयासों का ही परिणाम है कि राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साढे चार वर्षों के दौरान प्रदेश के 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ा गया है।
औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और उत्तराखंड नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की रैंकिंग में देश में पहले स्थान पर काबिज है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अवसरों की प्रतीक्षा न करें, बल्कि नवाचार और स्वरोजगार के माध्यम से स्वयं नए अवसर सृजित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होमस्टे, एप्पल मिशन, मिलेट मिशन और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय संसाधनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काउ, सविता कपूर और भविष्य निधि आयुक्त सहित कई गणमान्य लोग एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना की, जो राज्य के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।
PLs read:Uttarakhand: उत्तराखंड में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद और चार चरणों में सरकार को घेरने की बनाई रणनीति