देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे का दूसरा दिन काफी सरगर्मियों भरा रहा। शुक्रवार सुबह की शुरुआत उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट से की। इस मुलाकात के दौरान राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और सांगठनिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई। इसके उपरांत, नितिन नवीन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के निवास स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
अपने प्रवास के दूसरे दिन नितिन नवीन का मुख्य एजेंडा निर्वाचित प्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ गहन संवाद करना रहा। देहरादून के होटल वेलकम में आयोजित बैठकों के दौर में उन्होंने सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ अलग-अलग सत्रों में विस्तृत चर्चा की। इन बैठकों का उद्देश्य न केवल आगामी चुनावी रणनीति तैयार करना है, बल्कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों के कामकाज की समीक्षा करना भी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों के दौरान विधायकों के अब तक के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों के साथ भी विचार-विमर्श किया और उनसे उनके क्षेत्रों का जमीनी फीडबैक लिया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय होने की आवश्यकता है। नितिन नवीन ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन की मजबूती के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बिठाना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिए गए ‘नवीन मंत्र’ के केंद्र में संगठन और सत्ता के बीच साझा कदमताल है। उन्होंने पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से कहा कि पार्टी का काम केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने जीत के लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच अपनी पैठ और गहरी करने के निर्देश दिए।
दिनभर चली इन महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठकों के बाद, शाम का कार्यक्रम आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम रहा। नितिन नवीन ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ उपस्थित रहे। गंगा आरती के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऋषिकेश के संत समाज के साथ भेंट कर उनसे आशीर्वाद लिया और विभिन्न सामाजिक व आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की।
नितिन नवीन का यह दौरा उत्तराखंड भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिस तरह से उन्होंने जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया है, उससे यह साफ है कि भाजपा आगामी चुनावों के लिए अपने आंतरिक ढांचे को पूरी तरह से सक्रिय और पारदर्शी बनाना चाहती है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में इस दौरे के बाद नया जोश देखने को मिल रहा है। शनिवार को उनके प्रवास का अंतिम दिन होगा, जिसमें कुछ और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ वे अपना दौरा संपन्न करेंगे। फिलहाल, इन बैठकों के जरिए राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आगामी चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है।
Pls reaD:Uttarakhand: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे का दूसरा दिन और बैठकों का महाकुंभ