देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल मशाल प्रज्ज्वलित की, बल्कि स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ एक प्रतीकात्मक दौड़ में शामिल होकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने इस साहसिक दौड़ के आधिकारिक शुभंकर ‘क्यालु- हिम तेंदुआ’ का भी अनावरण किया। यह महाआयोजन आगामी 31 मई 2026 को उत्तराखंड की दुर्गम और खूबसूरत नीति घाटी में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ केवल एक खेल प्रतियोगिता मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, अवसर और आत्मविश्वास का संचार करने वाला एक बड़ा अभियान है। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि के युवाओं में साहस और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूट कर भरा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नीति घाटी की ऊंचाइयों पर गूंजने वाले इन युवाओं के कदम आने वाले समय में एक नया इतिहास रचेंगे।
साहसिक खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी जैसे चुनौतीपूर्ण और दुर्गम क्षेत्रों में दौड़ने के लिए बुलंद हौसले और हिमालय जैसा अडिग विश्वास होना जरूरी है। उन्होंने इस दौड़ को शारीरिक क्षमता के साथ-साथ इच्छाशक्ति और धैर्य की भी परीक्षा बताया। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि वे देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य के असली ब्रांड एंबेसडर हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह आयोजन ‘नया उत्तराखंड’ की शक्ति और उसके बढ़ते सामर्थ्य का वैश्विक प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमावर्ती गांव अब देश के अंतिम गांव नहीं, बल्कि ‘पहले गांव’ के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस सोच को धरातल पर उतारने का काम कर रहा है। मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि इस दौड़ के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और युवा उद्यमिता को एक नई गति प्राप्त होगी। यह उत्तराखंड के खेल एवं एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत होगी।
आयोजन की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से कुल 900 से अधिक प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने इसे फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों की सफलता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को दुनिया का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सभी धावकों को सुरक्षित रहने और 31 मई को नीति घाटी में नया कीर्तिमान स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिभागी उपस्थित रहे।