Uttarakhand: देहरादून में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य आगाज

 

देहरादून 15 अप्रैल, 2026 (सू. ब्यूरो)

परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के लिए यह गर्व का अवसर है कि पहली बार इतनी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला है। उन्होंने इसके लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी जताया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत आधार है। खेलों से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाते हैं। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने राज्यों के साथ-साथ देश के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।

मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस को गति, संतुलन और मानसिक दृढ़ता का खेल बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों में त्वरित निर्णय क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और ‘खेलो इंडिया’ तथा ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

pls read: Uttarakhand: गर्मी से बचाव के लिए स्कूलों में वॉटर बेल और व्यापक तैयारी के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *