देहरादून, सोमवार। बल्लूपुर चौक पर नगर निगम देहरादून की ओर से आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने खुद भी सफाई अभियान में भाग लिया और आम नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाना रहा। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई कार्य, कचरा प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय लोगों की भागीदारी भी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वच्छता संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। जब तक लोग स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं होगा। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जनभागीदारी आधारित अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं। साथ ही, ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से चलाने की जरूरत बताई, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहे।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।