Uttarakhand : पीएम दौरे की तैयारियों का मुख्य सचिव और डीजीपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात पर जोर

 

देहरादून 11 अप्रैल, 2026 (सू. ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एक ठोस ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात प्रभावित न हो। वैकल्पिक मार्गों की पहचान और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इसके निर्माण से दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने का समय कम होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। साथ ही, राज्य में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *