देहरादून। राजधानी के व्यस्त तिब्बती मार्केट क्षेत्र में बुधवार सुबह गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार तड़के हुई दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। इस बड़ी कामयाबी के बाद जनपद में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के सख्त निर्देशों के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसके परिणाम स्वरूप ये दोनों हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में आए।
बुधवार को हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें शहर से लेकर देहात तक बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस की पहली मुठभेड़ गुरुवार तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई। चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना जब बदमाशों से हुआ, तो उन्होंने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो एक बदमाश के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए कॉरपोरेशन चिकित्सालय ले जाया गया है।
इसी कड़ी में दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई। यहाँ पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो वह नहीं रुका। उसने स्कूटी को पीछे की ओर मोड़कर भागने की कोशिश की और पास ही स्थित एक खंडहर हो चुकी फैक्ट्री के भीतर घुस गया। पुलिस ने जब घेराबंदी कर उसका पीछा किया, तो उसने खंडहर के भीतर से पुलिस पार्टी पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद हुई प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन शर्मा की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। बदमाशों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस अब इन अपराधियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के मुख्य कारणों और इस साजिश में शामिल अन्य संभावित व्यक्तियों का पता लगाया जा सके। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वारदात के बाद से ही शहर से देहात तक लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था ताकि आरोपी जिले से बाहर न भाग सकें। फिलहाल दोनों घायल बदमाशों का उपचार जारी है और पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।