हल्द्वानी। हल्द्वानी का गल्ला मंडी क्षेत्र गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक दोहरे हत्याकांड से दहल उठा। मंडी परिसर में स्थित गोदामों के पास एक युवक और एक युवती की लहूलुहान लाशें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की हत्या अत्यंत क्रूरतापूर्ण तरीके से की गई है। हमलावरों ने भारी पत्थरों से दोनों के सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हल्द्वानी में लंबे समय बाद हुई इस तरह की भीषण वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गल्ला मंडी के पास दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की शिनाख्त 31 वर्षीय शुभम टम्टा, निवासी लोहर माल रोड तल्ला खोलटा (अल्मोड़ा) और 19 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी तल्ली पोखरी (नैनीताल) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा हुआ था और शवों के पास ही खून से सने हुए वह पत्थर भी बरामद हुए हैं, जिनसे इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक शुभम के पास से अल्मोड़ा और चंपावत के पते वाले आधार कार्ड मिले हैं। इसके अलावा, युवक की बॉडी के पास से पुलिस को कुछ नशीली वस्तुएं, पर्स, लाइटर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि युवक नशों का आदी रहा होगा। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और फिंगरप्रिंट्स के नमूने लिए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि इन दोनों की हत्या के पीछे आपसी रंजिश थी या कोई अन्य कारण।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच केंद्रित कर रही है कि मृतक शुभम और लक्ष्मी हल्द्वानी में क्या कर रहे थे, वे यहाँ कब से रह रहे थे और उनकी पृष्ठभूमि क्या थी। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उनकी हिस्ट्री खंगाल रही है। वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या की वजहों की तलाश की जा रही है और जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से गल्ला मंडी और आसपास के व्यापारियों व निवासियों में भारी डर का माहौल बना हुआ है।