नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हर तरफ घने कोहरे की चादर बिछी हुई है जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है और कुछ ही दूरी से आ रही गाड़ियों को देखना भी मुश्किल हो गया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में भी मंगलवार 23 दिसंबर की सुबह कोहरे ने सड़कों को अपने आगोश में ले लिया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट ने दिल्लीवासियों के लिए ठंड बढ़ने के संकेत दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अगले दिन यानी बुधवार को दिल्ली में पारा और गिर सकता है। 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 9 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन भी ऐसी ही कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं जिससे त्योहार का जश्न घर के अंदर ही मनाने को लोग मजबूर हो सकते हैं।
कश्मीर घाटी में भी ठंड का प्रकोप जारी है। कश्मीर में आज 23 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि आज और कल यहां लोगों को कोहरे से थोड़ी मुक्ति मिल सकती है जिससे पर्यटक कश्मीर की खूबसूरत वादियों और ठंड का लुत्फ उठा पाएंगे।
बिहार और उत्तर प्रदेश के मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बिहार में आज धूप खिलने और मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों को पिछले कुछ दिनों से कोहरे ने अपनी चपेट में ले रखा था लेकिन आज वहां धूप खिलने की उम्मीद है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने का अनुमान है और रात में भी मौसम साफ रह सकता है।
पंजाब के मौसम की बात करें तो यहां आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। चंडीगढ़ में दिन भर धूप खिली रहेगी जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रहेगा। लेकिन अगले दिन बुधवार को तापमान में और गिरावट आ सकती है और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच सकता है जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।