देहरादून। राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वहां की सरकार ने बुधवार से बीएस 4 डीजल बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस अचानक आए फैसले से उत्तराखंड परिवहन निगम के हाथ पांव फूल गए हैं और अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। निगम के लिए सबसे बड़ी मुसीबत उसकी प्रीमियम बस सेवा यानी सुपर डीलक्स वोल्वो बसों का संचालन है जो उच्च वर्ग के यात्रियों की पहली पसंद होती है। आंकड़ों के मुताबिक निगम के बेड़े में मौजूद 53 वोल्वो बसों में से 41 बसें बीएस 4 डीजल चालित हैं जिन पर अब दिल्ली में प्रवेश करने पर रोक लग गई है।
निगम के पास फिलहाल केवल 12 ऐसी बीएस 6 वोल्वो बसें बची हैं जो नए नियमों के तहत दिल्ली में प्रवेश कर सकती हैं। प्रतिबंध लागू होते ही बुधवार को ही आधा दर्जन से अधिक वोल्वो बसों की सेवाएं रद्द कर दी गईं। जो बसें भेजी भी गईं उन्हें मजबूरन नोएडा के सेक्टर 62 तक ही संचालित करना पड़ा। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ा जिन्हें वहां उतरकर अपने गंतव्य तक जाने के लिए वैकल्पिक साधन तलाशने पड़े। सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हुई जिन्होंने दिल्ली आईएसबीटी जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराए थे और वे बसों के इंतजार में खड़े रह गए।
हैरानी की बात यह है कि उत्तराखंड से दिल्ली आने जाने वाली डीजल बसों पर संभावित प्रतिबंध की जानकारी होने के बावजूद परिवहन निगम के अधिकारी अब तक हाथ पर हाथ धरे बैठे थे। लेकिन बुधवार को अचानक प्रतिबंध लागू होने के बाद अब वे उधेड़बुन में जुट गए हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि उत्तराखंड से दिल्ली के लिए रोजाना चलने वाली 540 बसों में से अब केवल 348 बसें ही दिल्ली में प्रवेश कर पाएंगी। चिंताजनक बात यह है कि इनमें भी 12 वोल्वो बसों को छोड़कर बाकी सभी बसें साधारण श्रेणी की हैं जो वोल्वो यात्रियों की जरूरतों को पूरा नहीं कर सकतीं।
निगम अब अनुबंधित बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है लेकिन उसकी सबसे बड़ी चिंता वोल्वो बसों को लेकर ही है। देहरादून से ही अकेले 23 वोल्वो बसें दिल्ली मार्ग पर चलती हैं। पिछले साल बस ऑपरेटरों ने 12 नई बीएस 6 वोल्वो बसें लगाई थीं लेकिन बाकी बसें पुरानी तकनीक वाली हैं। संकट की इस घड़ी में परिवहन निगम ने अब बस ऑपरेटरों से गुजारिश की है कि वे जल्द से जल्द बीएस 6 या सीएनजी बसें उपलब्ध कराएं।
आने वाले वीकेंड पर परिवहन निगम प्रबंधन के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। नए साल से पहले अगले तीन वीकेंड पर देहरादून से संचालित होने वाली सभी 23 वोल्वो बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग फुल चल रही है। अगर बसें रद्द होती हैं या नोएडा तक ही जाती हैं तो यात्रियों का गुस्सा फूटना तय है। इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने उत्तराखंड के सभी बस अड्डों से दिल्ली के लिए अपनी बीएस 6 बसों की संख्या बढ़ा दी है।