नई दिल्ली। 2016 में नीलामी में बिकने वाली सबसे महंगी पॉटेक फिलिप घड़ी ने एक बार फिर सबसे अधिक दाम में बिकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। नीलामी कंपनी फिलिप्स ने बताया कि यह महंगी रिस्ट वॉच इस वीकेंड और भी ज्यादा कीमत पर बिकी है।
जानकारी के अनुसार, यह घड़ी 14,190,000 स्विस फ्रैंक (17.6 मिलियन डॉलर) में बिकी है। यह नौ साल पहले मिली 11 मिलियन फ्रैंक, या उस समय के 11 मिलियन डॉलर से अधिक है।
यह घड़ी 82 साल पहले 1943 में बनाई गई थी। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस प्रोडक्ट का नाम पॉटेक फिलिप परपेचुअल कैलेंडर रेफरेंस 1518 है। इस मॉडल में कुल 280 घड़ियां बनी हैं, लेकिन इनमें से केवल चार ही स्टेनलेस स्टील की बनी हैं। बाकी सभी सोने की बनी हैं।
दावा किया जा रहा है कि सोने से बनी दूसरी घड़ी की तुलना में स्टेनलेस स्टील की घड़ी की अधिक मांग है। यही कारण है कि नीलामी के दौरान यह घड़ी दुनिया में अभी तक सबसे अधिक और रिकॉर्ड कीमत पर बिकी है। बताया जा रहा है कि जिस घड़ी की नीलामी इस रविवार को की गई, वह स्टेनलेस स्टील में बनी चारों घड़ियों में सबसे पहली है।
इस घड़ी की कीमत ने पहले के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बता दें कि साल 2016 में इसी रिस्टवॉच के लिए इसका विश्व रिकॉर्ड मूल्य 2017 में हॉलीवुड स्टार पॉल न्यूमैन की रोलेक्स डेटोना ने तोड़ दिया था, जो 17.8 मिलियन डॉलर में बिकी थी। बाद में साल 2019 में इसे पॉटेक फिलिप ग्रैंडमास्टर चाइम ने पीछे छोड़ दिया था और यह 31 मिलियन डॉलर में बिकी थी।
रविवार को नीलामी करने वालों ने बताया कि इस वीकेंड पर स्टेनलेस स्टील 1518 की बिक्री ने अभी तक बनी ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण रिस्टवॉच में से एक के रूप में इसकी स्थिति को फिर से मजबूत कर दिया है। बताया जा रहा है कि नीलामी के दौरान इस घड़ी की बिक्री में केवल नौ मिनट का समय लगा, जिसमें पांच बोली लगाने वाले शामिल थे और घड़ी आखिरकार टेलीफोन बिडर को बेची गई। इस बिक्री ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दुर्लभ और ऐतिहासिक घड़ियों का बाजार कितना मजबूत है।
Pls reaD:US: ट्रंप ने ओहायो के गवर्नर पद के लिए विवेक रामास्वामी का किया समर्थन